फर्रुखाबाद:जल जीवन मिशन की योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, सितंबर तक 57 पेयजल योजनाएं पूर्ण करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अगस्त 2026 जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में दो कार्यदायी संस्थाओं मैसर्स जीवीपीआर एवं मैसर्स वीटीएल गजा द्वारा पेयजल योजनाओं के निर्माण एवं संबंधित कार्य कराए जा रहे हैं।

मैसर्स जीवीपीआर द्वारा अब तक 71 उच्च जलाशयों का निर्माण, 257 ग्रामों में नियमित पेयजल आपूर्ति तथा 64 ग्रामों में हर घर जल प्रमाणीकरण का कार्य पूरा कराया जा चुका है। वहीं मैसर्स वीटीएल गजा द्वारा 151 उच्च जलाशयों का निर्माण, 270 ग्रामों में नियमित पेयजल आपूर्ति तथा 195 ग्रामों में हर घर जल प्रमाणीकरण का कार्य पूर्ण कराया गया है।

बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए मैसर्स जीवीपीआर को सभी कार्य शीघ्र एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। समय से कार्य पूर्ण न किए जाने की स्थिति में फर्म के विरुद्ध Liquidity Damage Penalty लगाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने पेयजल योजनाओं पर श्रमिकों की कम संख्या पर भी रोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिक श्रमशक्ति लगाकर 51 से 100 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी 57 पेयजल योजनाओं को सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त पूर्ण हो चुकी 71 पेयजल योजनाओं को शीघ्र अनुरक्षण एवं संचालन (O&M) में लेने के निर्देश भी दिए गए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नियमित एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Comment