आजमगढ़:मण्डलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने जनपदवासियों को 80वीं स्वतंत्रता दिवस दी शुभकामनाएं

आजमगढ़ ब्यूरो :: आजमगढ़ जनपद में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मण्डलायुक्त विवेक, पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार ने जनपद आजमगढ़ सहित पूरे मण्डल के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस को देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बताया। राष्ट्र की एकता, अखण्डता एवं सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हुए विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान देने की अपील मण्डलायुक्त विवेक ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष, त्याग और बलिदान की गौरवशाली गाथा का स्मरण कराता है। आजादी हमें अनेक वीर सेनानियों के त्याग और संघर्ष से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की रक्षा करना और देश की प्रगति में अपना योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जनपदवासियों से राष्ट्र की एकता, अखण्डता एवं सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूत करने तथा आपसी भाईचारे की भावना के साथ देश की विकास यात्रा में सहभागी बनने की अपील की। पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और सुरक्षित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पुनः स्मरण करने का अवसर भी है। आजादी के अमृत काल में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद आजमगढ़ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रोजगार, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ-साथ विकास कार्यों में सहयोग करने, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ योगदान देकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आजादी को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश की प्रगति, समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रत्येक नागरिक का छोटा-सा प्रयास भी महत्वपूर्ण है। सामूहिक संकल्प, अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति के साथ हम भारत को वर्ष 2047 तक विकसित एवं सशक्त राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त कर सकते हैं। मण्डलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों के सुख,समृद्धि, शांति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Comment