फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद कायमगंज का किया निरीक्षण, साफ-सफाई व नागरिक सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मार्च 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार को नगर पालिका परिषद कायमगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई व्यवस्था तथा नगरवासियों को उपलब्ध कराई जा रही नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया और कर वसूली, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन, सफाई व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित अभिलेखों की समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए और नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि नगरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर पालिका द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया और कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सभागार में सीपेज की समस्या पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था औसत पाई गई, जिसे और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कायमगंज, नगर पालिका अध्यक्ष कायमगंज, तहसीलदार कायमगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment