फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी डॉ० आशुतोष कुमार द्विवेदी ने थाना कायमगंज का किया औचक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 फरवरी 2026 जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा थाना कायमगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, आगंतुक रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, मालखाना तथा बंदी गृह का गहन परीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए गंभीर मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने महिला संबंधी प्रकरणों में संवेदनशीलता, गोपनीयता एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही सीसीटीएनएस प्रणाली, बीट पुलिसिंग व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की वर्तमान स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

उन्होंने थाना परिसर में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था तथा आमजन के साथ शिष्ट, सहानुभूतिपूर्ण एवं उत्तरदायी व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कायमगंज, प्रभारी निरीक्षक कायमगंज सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।