फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मार्च 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार को विकासखंड कायमगंज का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, जनसुनवाई व्यवस्था तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आईजीआरएस में प्राप्त शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से वार्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य वित्त से कराए जा रहे कार्यों का समय पर भुगतान करने और आरआरसी को क्रियाशील रखने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने विकासखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इसके साथ ही उन्होंने विकासखंड परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर कार्यों की समीक्षा भी की तथा एक मॉडल प्रधानमंत्री आवास का लोकार्पण किया।
जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर में स्थित प्रेरणा कैंटीन और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया तथा समूहों के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कायमगंज, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
