फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 फरवरी 2026 जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। दिनांक 14 फरवरी 2026 को आशुतोष कुमार द्विवेदी (जिलाधिकारी) तथा आरती सिंह (पुलिस अधीक्षक) ने संयुक्त रूप से दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शेराखार, डबरी, मेहमदपुर गढ़िया, गांधी मोड़, निबिया चौराहा तथा जमापुर चौराहा सहित विभिन्न ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी (यातायात), लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता तथा थानाध्यक्ष राजेपुर भी उपस्थित रहे। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंधित हिस्सों का भी निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लिंक मार्गों पर आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर रिपीटेड बार लगाए जाएं। इसके अतिरिक्त जहां सड़क पर अधिक ढलान (स्लोप) है, उसे तत्काल ठीक कराने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सड़क किनारे उगी झाड़ियों की शीघ्र सफाई कराने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।
