फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज जनपद स्तरीय आजीविका मिशन क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपेक्षित सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ें, ताकि उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित जनपद संग्रहालय में इन उत्पादों को प्रदर्शित एवं विक्रय हेतु रखने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक प्रमुख विभागीय स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार “प्रेरणा कैंटीन” स्थापित किए जाने तथा प्रत्येक विकास खंड में समूह उत्पादों के लिए बिक्री केंद्र विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने समूह की महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने के लक्ष्य को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी योजनाओं के माध्यम से समूह सदस्यों को आच्छादित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करें। विद्युत सखियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए विद्युत विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उपायुक्त (स्वत: रोजगार) सुषमा देवी, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, जिला एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक में आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा समूह आधारित उत्पादों की बाजार पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
