फर्रुखाबाद:जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी बैठक सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 फरवरी 2026 राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 14 मार्च 2026 के सफल आयोजन के लिए आज एडीआर भवन में लघु आपराधिक मामलों एवं धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामलों की तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद श्री जीरज कुमार ने की, जबकि संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रियंका गांधी द्वारा किया गया।

बैठक में अध्यक्ष महोदय ने निर्देशित किया कि लघु आपराधिक प्रकरणों एवं धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित अधिक से अधिक मामलों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण हेतु चिन्हित किया जाए। साथ ही, सभी संबंधित अधिकारियों को चिन्हित मामलों का विस्तृत विवरण समय से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

अब तक धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित कुल 22 मामले तथा लघु आपराधिक श्रेणी के 961 मामले राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किए जा चुके हैं। अधिकारियों को लक्ष्य दिया गया कि अधिकाधिक प्रकरणों को आपसी सहमति से सुलझाकर न्यायालयों में लंबित मामलों का भार कम किया जाए।

बैठक में अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्री संजय कुमार, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री धनश्याम शुक्ला सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए समन्वय और सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित, सुलभ एवं सस्ता न्याय उपलब्ध कराने का उद्देश्य है, जिससे आपसी सहमति के आधार पर मामलों का शीघ्र निस्तारण संभव हो सके।

Leave a Comment