Friday, 30 October 2026 | 8:30 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: बाढ़ प्रभावित आशा की मड़ैया में सीएमओ ने परखी स्वास्थ्य व्यवस्था, दो शिविरों में 184 मरीजों की जांच

फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित आशा की मड़ैया और तौफीक मड़ैया में स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर 184 मरीजों की जांच की। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी तथा उपचार एवं दवा वितरण की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
Share:
फर्रुखाबाद: बाढ़ प्रभावित आशा की मड़ैया में सीएमओ ने परखी स्वास्थ्य व्यवस्था, दो शिविरों में 184 मरीजों की जांच

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 08 अक्टूबर 2026 बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने गुरुवार को आशा की मड़ैया क्षेत्र का निरीक्षण कर मौके पर उपलब्ध चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी, मरीजों की जांच, उपचार तथा दवा वितरण की व्यवस्था को परखा और स्वास्थ्य टीम को बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

आशा की मड़ैया में 69 मरीजों की जांच

पीएचसी सबलपुर के अंतर्गत आशा की मड़ैया में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 69 मरीजों की जांच की गई। इनमें त्वचा संबंधी बीमारी के 40, बुखार के 13, जोड़ों के दर्द के 10, मधुमेह के तीन तथा उच्च रक्तचाप के तीन मरीज शामिल रहे। सीएमओ ने शिविर में चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता के साथ मरीजों को मिल रही उपचार सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. नेहा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रशांत सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।

तौफीक मड़ैया में 115 मरीजों का परीक्षण

वहीं तौफीक मड़ैया में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में 115 मरीजों की जांच की गई। इनमें 26 मरीज त्वचा संबंधी समस्या, 23 बुखार, 15 सर्दी-खांसी, 15 आंख-कान संबंधी समस्या, आठ डायरिया, पांच गठिया तथा 10 मरीज अन्य एवं पुरानी बीमारियों से संबंधित पाए गए। जरूरतमंद 12 लोगों को ओआरएस उपलब्ध कराया गया।

तौफीक मड़ैया में डॉ. अभिनव, फार्मासिस्ट अनुज कुमार, स्टाफ नर्स अंशिका कटियार और लैब टेक्नीशियन ललित कुमार सहित स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की जांच एवं उपचार किया। एनएमएमयू वैन संख्या UP32LN7458 के माध्यम से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चिकित्सकीय सेवाएं पहुंचाई गईं।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में केवल स्वास्थ्य शिविर लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मौके पर चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, मरीजों की जांच-उपचार व्यवस्था और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी व्यक्ति को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।