फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24)मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान में 393 जोड़ों का विवाह एवं निकाह धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। समारोह में 390 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए, जबकि 3 मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार कराया गया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में सांसद मुकेश राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर तथा विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं पगड़ी भेंटकर स्वागत किया। मदन मोहन कन्नौजिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान बनी योजना

मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वित्तीय वर्ष 2017-18 से संचालित है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराना और परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी जोड़े पर एक लाख रुपये व्यय किए जाते हैं। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में सीधे अंतरित किए जाते हैं, 25 हजार रुपये के वैवाहिक उपहार दिए जाते हैं तथा शेष 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया सुखी जीवन का संदेश

विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण पहल है। सरकार बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देकर परिवारों की जिम्मेदारी में सहभागी बन रही है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। पति-पत्नी को एक-दूसरे के प्रति प्रेम, विश्वास, समर्पण एवं सम्मान की भावना बनाए रखनी चाहिए।
विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समरसता और समानता को बढ़ावा देने वाली जनकल्याणकारी पहल है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह संपन्न करा पा रहे हैं।

जल संरक्षण और वृक्षारोपण का संकल्प लें नवदंपति : सांसद
मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की सराहना की।
उन्होंने नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पति-पत्नी आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग के साथ अपने वैवाहिक जीवन को सफल बनाएं। साथ ही जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
जिलाधिकारी ने दिया आपसी सम्मान और विश्वास का संदेश
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि आज 422 जोड़े अपने जीवन की नई यात्रा शुरू कर रहे हैं। यह सभी परिवारों के लिए खुशी और भावनात्मक उल्लास का अवसर है।
उन्होंने कहा कि वैवाहिक जीवन में पति-पत्नी को एक-दूसरे की भावनाओं, विचारों और इच्छाओं का सम्मान करना चाहिए। जीवन के छोटे-बड़े निर्णय आपसी सहमति एवं विचार-विमर्श से लेने चाहिए। विश्वास, धैर्य, समर्पण और संवाद से ही परिवार में खुशहाली बनी रहती है।
पुष्पवर्षा कर नवदंपतियों को दिए उपहार
समारोह में विवाह एवं निकाह की सभी धार्मिक परंपराएं विधिवत संपन्न कराई गईं। मंचासीन अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक उपहार प्रदान किए और पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया। अपने बच्चों को नए जीवन में प्रवेश करते देखकर परिजन भी खुशी से भावुक नजर आए।

जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से समारोह में भोजन, पंडाल, बैठने, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर अभय वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, नवदंपति, उनके परिजन एवं पत्रकार मौजूद रहे।