फर्रुखाबाद:आशा बहुओं और कोविड कर्मचारियों के समर्थन में उतरी भारतीय किसान यूनियन टिकैत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जनवरी 2026 आशा बहुओं एवं कोविड कर्मचारियों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद खुलकर सामने आ गई है। संगठन के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने आज आशा बहुओं और कोविड कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए।

अजय कटियार ने कहा कि आशा बहुएँ वर्षों से महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ दे रही हैं, लेकिन उन्हें उनके कार्य का पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के सभी ब्लॉकों में स्वास्थ्य विभाग के वीसीपीएम (VCPM) अधिकारी घोर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उनके अनुसार, एक माह में लगभग 90 लाख रुपये और पूरे वर्ष में करोड़ों रुपये का घोटाला किया जा रहा है, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएँ “वेंटिलेटर पर” पहुँच चुकी हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आशा बहुओं के शांतिपूर्ण धरने को जबरन हटाने की कोशिश की जा रही है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि आशा बहुओं द्वारा जमा किए गए वाउचरों की पूरी राशि उन्हें नहीं दी जा रही है, तो वह धन आखिर जा कहाँ रहा है? इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच समिति बनाकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

जिला अध्यक्ष ने कोविड कर्मचारियों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि उन्होंने कोरोना जैसी भयावह महामारी के दौरान तब सेवाएँ दीं, जब कई लोग पीछे हट गए थे। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा समायोजन की बात किए जाने के बावजूद जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक उनका समायोजन नहीं किया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा तत्काल भुगतान एवं समायोजन नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन टिकैत आशा बहुओं और कोविड कर्मचारियों के समर्थन में सीएमओ कार्यालय फतेहगढ़ का घेराव करेगी।

वहीं इस पूरे मामले पर जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी, फतेहगढ़ ने आश्वासन देते हुए कहा कि आशा बहुओं द्वारा किए गए कार्यों का पूरा भुगतान किया जाएगा। यदि कहीं कोई अनियमितता पाई गई तो उसके लिए जांच समिति गठित कर तत्काल जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कोविड कर्मचारियों का दो दिन के भीतर समायोजन कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संरक्षक समिति अध्यक्ष विजय शाक्य, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, जिला सचिव पुजारी कटियार, सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, तहसील उपाध्यक्ष अनुज राजपूत, बढ़पुर ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम शाक्य सहित बड़ी संख्या में आशा बहुएँ, किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।