फर्रुखाबाद:लिंक एक्सप्रेसवे के विरोध में भाकियू (टिकैत) चलाएगी हस्ताक्षर अभियान, 14 फरवरी से 72 घंटे का धरना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 फरवरी 2026 जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर किसानों का विरोध तेज होता जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने किसानों की भूमि का सर्किल रेट न बढ़ाए जाने के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाने और 14 फरवरी को जिला मुख्यालय पर 72 घंटे का धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

भाकियू (टिकैत) पदाधिकारियों द्वारा लिंक एक्सप्रेसवे से प्रभावित गांवों में लगातार बैठकें कर किसानों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है। इसी क्रम में ब्लॉक मोहम्मदाबाद के ग्राम मानपुर, लुखरियाई, बराकेशव, नीमकरोरी और नवाबगंज में आयोजित बैठकों में किसानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि अधिग्रहित की जा रही जमीनों का सर्किल रेट नहीं बढ़ाया गया तो सभी 43 प्रभावित गांवों में व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।

जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि एक ओर जनपद में बाढ़ का संकट है और दूसरी ओर किसानों की बेशकीमती जमीनें एक्सप्रेसवे में जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन जबरन भूमि अधिग्रहण करना चाहता है, जबकि मुख्यमंत्री स्वयं किसानों की जमीनों के साथ उनके भावनात्मक संबंध की बात कह चुके हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से किसानों के हित में सर्किल रेट बढ़वाने की मांग करते हुए कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो किसान यूनियन आंदोलन को और तेज करेगी तथा एक्सप्रेसवे निर्माण का विरोध करेगी।

बैठक में जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला प्रचार मंत्री राजेश यादव, जिला सचिव पुजारी कटियार, जिला सहसचिव दिनेश सिंह, सदर तहसील महासचिव रजत गंगवार, ब्लॉक मोहम्मदाबाद अध्यक्ष बड़े यादव, प्रेम चंद्र यादव, अर्पित गंगवार, संजीव मिश्रा, पप्पू यादव, नवीन यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।