फर्रुखाबाद: 22 मार्च को होगा तथागत सामाजिक समिति-TSS का वार्षिक उत्सव/ सामाजिक सम्मेलन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 तथागत सामाजिक समिति (TSS) द्वारा आगामी 22 मार्च 2026, रविवार को वार्षिक उत्सव/सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें समाज के लोगों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की गई है। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में संगठन को मजबूत करना, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और शिक्षा के क्षेत्र में समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा करना है।

इस संबंध में तथागत सामाजिक समिति के पदाधिकारियों की टीम जिला अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य, जिला सचिव घनश्याम शाक्य एवं डॉ धर्मवीर सिंह नगर मीडिया प्रभारी ने शेखपुर रूस्तमपुर पहुंचकर समाज के विभिन्न पदाधिकारियों का मनोनयन किया। इस दौरान श्याम नारायण कुशवाहा को नगर पंचायत अध्यक्ष, गौरी शंकर कुशवाहा, महेश चंद्र शाक्य (सिंघी रामपुर) को नगर पंचायत अध्यक्ष, तथा अखिल शाक्य को ग्राम पंचायत अध्यक्ष खुदागंज के पद पर मनोनीत किया गया।

मनोनयन के दौरान समिति की ओर से सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र, सम्मान पत्र और आगामी कार्यक्रम का आमंत्रण पत्र भी सौंपा गया। इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग और ग्रामीण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कैलाश शाक्य, रघुवीर शाक्य, स्वकेंद्र शाक्य, गिर्राज किशोर शाक्य (नगर अध्यक्ष कमालगंज) सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।

समिति द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार, सम्मेलन में समाज के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से युवाओं की सरकारी नौकरियों में भागीदारी बढ़ाने, शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक एकता और समाज के लोगों के बीच सहयोग की भावना को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा समाज की समस्याओं और उनके समाधान के लिए भी सामूहिक रणनीति बनाई जाएगी।

आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से अपने परिवार सहित सम्मेलन में उपस्थित होने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि इस प्रकार के आयोजन समाज के लोगों को एक साझा मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी समस्याओं, संभावनाओं और विकास से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा कर सकते हैं।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। सम्मेलन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और समाज के लोगों को आमंत्रण पत्र एवं सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

आयोजकों का कहना है कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनाते हुए सामाजिक प्रगति की दिशा में सामूहिक प्रयासों को और अधिक मजबूत करना है।

Leave a Comment