फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 सितम्बर 2026 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा के बाद जनपद फर्रुखाबाद में खुशी का माहौल देखने को मिला। बाल विकास परियोजना के अंतर्गत मंगलवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम फतेहगढ़ स्थित द रॉयल जे.जे.आर. पैलेस में आयोजित हुआ, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में कमालगंज, शहर, मोहम्मदाबाद एवं बढ़पुर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने भाग लिया। इस दौरान अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा किए जाने पर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसका स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र सहित बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कुपोषण से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों का सम्मान
जनपद स्तर पर सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आने वाले 07 बच्चों एवं उनके माता-पिता को उपचार, शॉल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बच्चों के स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 07 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए।
विधायक और सांसद ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत ने भी मानदेय बढ़ाए जाने के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज की भावी पीढ़ी के स्वास्थ्य और विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने स्वस्थ और सुपोषित बच्चों के निर्माण के लिए पूरी ऊर्जा से कार्य करने का आह्वान किया।
डीएम ने नियमित वजन और लंबाई मापने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि मानदेय में वृद्धि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के परिश्रम और लगन का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों के उपचार और विकास में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डीएम ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों के वजन और लंबाई का नियमित मापन किया जाए तथा उनके शारीरिक विकास की निगरानी की जाए। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के टीकाकरण और पोषण के प्रति जागरूक करने तथा खून की कमी दूर करने वाले पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
अमृतपुर और कायमगंज में भी हुए कार्यक्रम
अमृतपुर तहसील क्षेत्र का कार्यक्रम विकासखंड सभागार राजेपुर में आयोजित हुआ। इसमें प्रशासक ब्लॉक राजेपुर पल्लव सोमवंशी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेपुर अब्दुल यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं कायमगंज तहसील का कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित किया गया। इसमें कायमगंज, शमसाबाद एवं नवाबगंज की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और क्षेत्रीय मुख्य सेविकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रशासक अनुराधा दुबे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
मानदेय में वृद्धि की घोषणा को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने अपने कार्य के प्रति सरकार की ओर से सम्मान और प्रोत्साहन के रूप में लिया।
