फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जून 2026 जनपद के ग्राम गुतासी निवासी राधाकृष्ण शुक्ल ने जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) फर्रुखाबाद को प्रार्थना पत्र देकर नवाबगंज क्षेत्र में संचालित एक निजी क्लीनिक की जांच कराने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता राधाकृष्ण शुक्ल का आरोप है कि मोहम्मदाबाद रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास “पूर्व क्लीनिक” नाम से एक चिकित्सा केंद्र संचालित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उक्त क्लीनिक का संचालन निशि मिश्रा द्वारा किया जा रहा है, जो एएनएम (सहायक नर्स एवं दाई) हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार क्लीनिक संचालन के लिए उनके पास आवश्यक वैध लाइसेंस नहीं है।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्लीनिक में अवैध रूप से गर्भपात कराने जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन को खतरा हो सकता है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि इस संबंध में उन्होंने 20 मई 2026 को भी एक शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्होंने पुनः अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
राधाकृष्ण शुक्ल ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
