फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जनवरी 2026 जनपद के होमगार्ड विभाग में फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी करने और सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। नगर फतेहगढ़ निवासी पूर्व होमगार्ड जवान विश्राम सिंह ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि जितेन्द्र पुत्र बदन सिंह ने फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्र लगाकर दिनांक 11 जुलाई 1984 को होमगार्ड विभाग में भर्ती प्राप्त की थी। उनका पी.सी. नंबर 2696010303 बताया गया है। जबकि जितेन्द्र सिंह के छोटे भाई शैलेन्द्र सिंह (एच.जी. 2689010112) दिनांक 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
शिकायत में जन्मतिथि को लेकर भी गंभीर विसंगतियां बताई गई हैं। आरोप है कि जितेन्द्र सिंह की जन्मतिथि 01 जनवरी 1971 है, जबकि उनके छोटे भाई शैलेन्द्र सिंह की जन्मतिथि 01 जनवरी 1966 है। इसके बावजूद छोटे भाई के सेवानिवृत्त होने के बाद भी बड़े भाई का अब तक सेवा में बने रहना संदेह उत्पन्न करता है।
इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि जितेन्द्र सिंह, होमगार्ड विभाग में बी.ओ. पद पर तैनात अजय कुशवाहा से मिलीभगत कर पी.सी. होमगार्ड जवानों से अवैध वसूली करता है। आरोप है कि रुपये न देने पर जवानों को ड्यूटी से वंचित कर दिया जाता है। बताया गया है कि संबंधित बी.ओ. वर्ष 2016 से जनपद में तैनात है।
शिकायतकर्ता विश्राम सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की जांच किसी सक्षम अधिकारी से कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
