फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 फरवरी 2026 विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार सायं 5:30 बजे जिलाधिकारी कार्यालय फतेहगढ़ में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने 27 अक्टूबर 2025 से 24 फरवरी 2027 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि अब तक फॉर्म-6 के 53,883, फॉर्म-7 के 1,324 तथा फॉर्म-8 के 15,443 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की कि आलेख्य प्रकाशन अवधि में अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने हेतु बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से सक्रिय सहयोग प्रदान करें, जिससे कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि वर्तमान में सभी विधानसभाओं में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान ‘नो मैपिंग’ एवं ‘लॉजिकल डिस्पेंसरीज’ वाले मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की कार्यवाही की जा रही है। अब तक जारी 2,70,358 नोटिसों के सापेक्ष 1,78,647 मतदाताओं की सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी मतदाता को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें भारतीय जनता पार्टी से जिला संयोजक (चुनाव प्रबंधन) श्री मुकेश गुप्ता, समाजवादी पार्टी से जिला उपाध्यक्ष श्री सुभाष चन्द्र शाक्य एडवोकेट, बहुजन समाज पार्टी से श्री रामरतन गौतम, आम आदमी पार्टी से जिला अध्यक्ष (विधि प्रकोष्ठ) श्री अचल प्रताप सिंह तथा श्री चित्रांशु शुक्ला, विधानसभा अध्यक्ष अपना दल (एस) शामिल रहे।
प्रशासन ने सभी दलों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
