फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 जनपद में अवैध प्लाटिंग और मानकों के विपरीत संचालित हो रहे गेस्ट हाउसों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार के निर्देश पर एक दर्जन से अधिक गेस्ट हाउसों एवं अवैध प्लाटिंग करने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी कर कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार जिले में बड़ी संख्या में ऐसे गेस्ट हाउस संचालित हो रहे हैं, जिनका निर्माण स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है। कई मामलों में गोदाम या अन्य उपयोग के लिए नक्शा स्वीकृत कराया गया, लेकिन मौके पर गेस्ट हाउस संचालित किए जा रहे हैं। वहीं कुछ स्थानों पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक जिले में करीब 34 गेस्ट हाउस ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जो विभिन्न मानकों का उल्लंघन कर रहे हैं। पहले चरण में एक दर्जन से अधिक गेस्ट हाउसों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने अवैध प्लाटिंग पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आरोप है कि कृषि भूमि के नाम पर स्वीकृत नक्शों का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर प्लाटिंग की गई, जिससे सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाई गई। कई मामलों में बिना आवश्यक अनुमतियों और विकास प्राधिकरण के मानकों का पालन किए भूखंडों की बिक्री की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बनाए गए गेस्ट हाउस न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि आग एवं अन्य आपात स्थितियों में लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं। प्रशासन अब ऐसे सभी मामलों की जांच कर रहा है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की इस मुहिम को अवैध निर्माण और अनियमित प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। आने वाले दिनों में और भी कई प्रतिष्ठानों एवं प्लाटिंग परियोजनाओं पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
