फर्रुखाबाद:गंगा दशहरा और बकरीद पर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिए कड़े निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 आगामी गंगा दशहरा एवं बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति/पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, धर्मगुरुओं और शांति समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने पांचाल घाट पर मेडिकल कैम्प स्थापित करने तथा घाट के दोनों ओर दो-दो एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, पुलिस वॉच टॉवर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नाव, नाविक और गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और गंगा पुल पर लगी हाईमास्ट लाइट को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों पर स्पष्ट साइनेज लगाने और पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने को कहा गया। श्रंगीरामपुर एवं ढाई घाट पर भी दो-दो एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत को सभी घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा गोताखोरों की सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को पांचाल घाट सहित प्रमुख स्थलों पर पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।

बकरीद पर्व को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की ईदगाहों तथा मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि मुस्लिम समुदाय क्षेत्रों में प्रतिदिन कम से कम दो बार कूड़ेदानों की सफाई कराई जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग हो।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी खुली जगह पर नमाज अदा नहीं की जाएगी तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। खुले में कुर्बानी न करने और केवल चिन्हित स्थलों पर ही कुर्बानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुर्बानी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करने की अपील भी की गई।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और ट्रैफिक डायवर्जन का रूट चार्ट पहले से तय कर प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को त्योहारों के दौरान सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Leave a Comment