फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की माह अप्रैल 2026 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जनपद फर्रुखाबाद को प्रदेश स्तर पर विकास कार्यों में 14वां स्थान प्राप्त हुआ।
बैठक में 28 विभागों की कुल 86 योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन, लक्ष्य प्राप्ति, प्रगति रिपोर्ट तथा जनहित से जुड़े परिणामों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान कुछ योजनाओं का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया। डी श्रेणी में चिकित्सा विभाग की जननी सुरक्षा योजना को प्रदेश स्तर पर 63वीं रैंक प्राप्त हुई तथा योजना को 10 में से केवल 2 अंक मिले।
वहीं सी श्रेणी में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आईसीडीएस पोषण अभियान को 49वीं रैंक और 3 अंक प्राप्त हुए। अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को भी 49वीं रैंक के साथ 5 अंक मिले।
बी श्रेणी की योजनाओं में जल निगम (ग्रामीण) की जल जीवन मिशन योजना को 37वीं रैंक एवं 8 अंक प्राप्त हुए। पर्यटन विभाग की राज्य योजना को 55वीं रैंक और 7 अंक मिले, जबकि लोक निर्माण विभाग की नई सड़क निर्माण योजना को 41वीं रैंक एवं 6 अंक प्राप्त हुए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा फील्ड स्तर पर कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि आगामी माह में जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
