फर्रुखाबाद: जनगणना 2026-27 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय, अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मार्च 2026 जनगणना 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें जनगणना की पूरी प्रक्रिया, घर-घर जाकर डेटा संकलन की विधि, निर्धारित प्रपत्रों के सही उपयोग तथा समयबद्ध और शुद्ध आंकड़े एकत्र करने के तरीकों पर विशेष रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं, जो सरकार की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का सही तरीके से उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाए, ताकि सही आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सभी उपजिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षकगण तथा जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment