फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2026 ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में शनिवार को तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप पुलिस महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र ने की। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 84 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 40 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि पुलिस विभाग की 18, विद्युत विभाग की 5, विकास विभाग की 4, चिकित्सा विभाग की 3, चकबंदी विभाग की 1, लोक निर्माण विभाग की 1 तथा अन्य विभागों से जुड़ी 12 शिकायतें शामिल रहीं।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ शिकायतों के निस्तारण पर जोर देते हुए आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण और संयुक्त जांच को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उप पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कानून-व्यवस्था और जनविश्वास को मजबूत बनाए रखने के लिए शिकायतों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण को आवश्यक बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और उन्हें सुशासन का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित समीक्षा के दौरान दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसील एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
