फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी ने कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा की, लापरवाही पर अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2026 जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार राजस्व वसूली की प्रगति, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों तथा प्रवर्तन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि वाणिज्य कर विभाग की राजस्व वसूली निर्धारित लक्ष्य की तुलना में काफी कम है। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने तथा लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं आबकारी विभाग की राजस्व वसूली की प्रगति संतोषजनक पाई गई।

बैठक में मंडी मोहम्मदाबाद एवं मंडी कायमगंज की मासिक राजस्व वसूली अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर भी चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्युत विभाग एवं परिवहन विभाग की राजस्व वसूली की प्रगति संतोषजनक पाई गई।

प्रवर्तन कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग तथा मंडी मोहम्मदाबाद एवं मंडी कायमगंज के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस के विभिन्न पैरामीटरों का नियमित परीक्षण करने तथा लंबित बिंदुओं पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment