कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इस रॉम-कॉम फिल्म को दर्शकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं हासिल हो रही हैं। कुछ यूजर्स जहां फिल्म की जमकर सराहना कर रहे हैं, तो वहीं कुछ फिल्म को खराब बता रहे हैं। एक यूजर ने फिल्म को घिसी-पिटी स्टोरी वाली बताया है। जो डीडीएलजे और तू झूठी मैं मक्कार की नकल लगती है। जबकि एक यूजर ने निर्देशन की आलोचना करते हुए इसे पूरी तरह से असफल बताया है। यूजर ने लिखा कि कहानी साधारण है, डायलॉग्स बेतुके हैं और अभिनय में कुछ भी नया नहीं है।
हालांकि, कुछ दर्शकों को फिल्म पसंद भी आई और उन्होंने दिल खोलकर इसकी तारीफ की है। एक यूजर ने फिल्म का रिव्यू करते हुए इसे साढ़े तीन स्टार दिए। अपने रिव्यू में यूजर ने लिखा, ‘दिल को छू लेने वाली और मन को सुकून देने वाली फिल्म। प्यार और परिवार पर आधारित इस फिल्म में कार्तिक आर्यन और अनन्या की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिलती है। फुल एंटरटेनर है।’ जबकि एक अन्य दर्शक ने फिल्म को इस साल का सबसे बड़ा और अच्छा सरप्राइज बताया है। फिल्म देखने में भले ही एक साधारण रोमांटिक-कॉमेडी लगे, लेकिन समय के साथ यह एक गंभीर इमोशनल कहानी भी है। एक अन्य यूजर ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि यह तेज गति से आगे बढ़ती है। निर्देशक की तारीफ करते हुए इसे एक सुकून देने वाली फिल्म बताया।
