फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम लकूला में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक अभियोग दर्ज किया गया।
इसके बाद आबकारी टीम ने आवास विकास स्थित देशी शराब दुकान, बाग लकूला देशी शराब दुकान, मॉडल शॉप आवास विकास तथा कम्पोजिट दुकान बाग लकूला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा देशी शराब दुकानों की कैंटीन का गहन परीक्षण किया गया।
आबकारी अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध मदिरा का स्टॉक अभिलेखों से मिलान किया गया और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
