फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अप्रैल 2026 आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान सबसे पहले IGRS (जन शिकायत प्रणाली) से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया। इसके बाद जनपद की विभिन्न आबकारी दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों से रैंडम आधार पर मदिरा के सैंपल लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।
टीम ने स्टॉक रजिस्टर, पॉइंट ऑफ सेल (POS) मशीन से होने वाली बिक्री, ऑनलाइन पेमेंट व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की भी गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं को पारदर्शी और नियमानुसार बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
