इन दिनों इंग्लैंड की सरजमीं पर खेले जा रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप में बीते रविवार (14 जून) भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला गया था. मैच में टीम इंडिया ने 64 रनों से एकतरफा जीत हासिल की थी. अब हार के बाद पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एक गलती के लिए बड़ी सजा दी है. दरअसल मैच में स्लो ओवर रेट के चलते आईसीसी ने पाकिस्तान पर जुर्माना लगा दिया.
पाकिस्तान टीम पर मैच फीस का 5% फाइन लगा है. मैच रेफरी ट्रुडी एंडरसन ने यह सजा तब सुनाई जब समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भी पाकिस्तान की टीम तय रेट से एक ओवर पीछे रही.
खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर-रेट उल्लंघनों से संबंधित है, खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 5% जुर्माना लगाया जाता है, अगर उनकी टीम निर्धारित समय के अंदर ओवर फेंकने में विफल रहती है.
आरोप ऑन-फील्ड अंपायर क्लेयर पोलोसक और जैकलीन विलियम्स के साथ-साथ थर्ड अंपायर एलोइस शेरिडन और चौथे अंपायर सू रेडफर्न ने लगाया था. पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने अपना अपराध और प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया है, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
बात करें मुकाबले की, तो टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए. टीम के लिए ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 44 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 68 रन स्कोर किए. पाकिस्तान के लिए इस दौरान सादिया इकबाल और कप्तान फातिमा सना ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए.
चेज के लिए मैदान पर उतरी पाकिस्तान पूरी तरह से फ्लॉप दिखी. 170 रनों का पीछा करते हुए पाकिस्तान 17 ओवर में सिर्फ 106 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए. वहीं भारत के लिए इस दौरान दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट झटके. इसके अलावा श्री चरणी ने 3 और शेफाली वर्मा ने 1 विकेट अपनी झोली में डाला.
