फर्रुखाबाद में जिला स्तरीय जूनियर हॉकी प्रतियोगिता सम्पन्न, खेलो इंडिया सेंटर ने बालक व बालिका दोनों वर्गों में जीता खिताब

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 मार्च 2026 खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम फर्रुखाबाद द्वारा जिला स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ लक्ष्मण अवार्डी ताइक्वाण्डो खिलाड़ी सुशांत गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा टॉस कराकर किया। प्रतियोगिता में जनपद की कुल छह टीमों ने निःशुल्क पंजीकरण कराकर प्रतिभाग किया।

बालक वर्ग में खेलो इंडिया सेंटर का दबदबा

बालक वर्ग के पहले मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर फर्रुखाबाद ने जीआईसी फतेहगढ़ ए को 5–2 गोल से हराया। दूसरे मैच में जीआईसी फतेहगढ़ बी को जनता इंटर कॉलेज फतेहगढ़ ए के वाकओवर मिलने से जीत मिली। तीसरे मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर ने स्टेडियम फतेहगढ़ को 3–1 से पराजित किया, जबकि चौथे मैच में स्टेडियम फतेहगढ़ ने जनता इंटर कॉलेज फतेहगढ़ बी को 2–1 से हराया।

फाइनल मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर फर्रुखाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीआईसी ए को 4–1 गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया।

बालिका वर्ग में भी खेलो इंडिया सेंटर विजेता

बालिका वर्ग के पहले मैच में खेलो इंडिया सेंटर ने जीजीआईसी फतेहगढ़ ए को 3–1 से हराया। दूसरे मुकाबले में स्टेडियम फतेहगढ़ ने रखा बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ ए को 2–0 से पराजित किया। तीसरे मैच में जीजीआईसी फतेहगढ़ बी ने रखा बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ बी को 2–0 से हराया।

सेमीफाइनल में खेलो इंडिया सेंटर ने स्टेडियम फतेहगढ़ को 4–1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच में खेलो इंडिया सेंटर फर्रुखाबाद ने जीजीआईसी ए को 4–0 से हराकर बालिका वर्ग का खिताब भी जीत लिया।

निर्णायक व सहयोगी

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सत्यम मिश्रा, शबनम शाक्य, दीपक कुमार, अजय माथुर, सुशील कुमार, सुशांत गुप्ता तथा पूनम शर्मा ने निभाई। इस अवसर पर जिला हॉकी संघ/जिला ओलम्पिक संघ के सचिव अवनीन्द्र सक्सेना सहित स्टेडियम के समस्त कर्मचारियों का सहयोग रहा।

आगे होंगी अन्य खेल प्रतियोगिताएं

जिला खेल कार्यालय के अनुसार 12 मार्च 2026 को प्रातः 9 बजे से जिला स्तरीय जूनियर बालक/बालिका कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं जूनियर बालक/बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता 15 मार्च को आयोजित होगी। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 16 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजे आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Comment