फर्रुखाबाद में जिला एकीकरण समिति का पुनर्गठन, राष्ट्रीय एकता व सौहार्द को मजबूत बनाने पर जोर


फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 मार्च 2026 शासन के निर्देशों के तहत जनपद में राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला एकीकरण समिति का पुनर्गठन किया गया। इसी क्रम में समिति की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव ने की। इस दौरान विधायक अमृतपुर श्री सुशील कुमार शाक्य, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी (सदस्य सचिव) सहित विभिन्न अधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी निभाई। इनमें महर्षि दुर्वासा ऋषि आश्रम के श्री ईश्वर दास महाराज, श्री आसिफ मंसूरी, श्री मंगल सिंह ज्ञानी, श्री कन्हैया लाल जैन सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार रखे।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय एकता, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार के तनाव या विवाद की स्थिति में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रशासन को समय-समय पर सुझाव देने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा राज्य एकीकरण परिषद के निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन और देश की सुरक्षा एवं अखंडता के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। अध्यक्ष मोनिका यादव ने सभी सदस्यों से आगामी बैठकों में और अधिक ठोस एवं व्यावहारिक सुझाव देने का आह्वान किया, ताकि जिले में एकता और भाईचारे का वातावरण और सशक्त हो सके।

Leave a Comment