फर्रुखाबाद में संडे मार्केट को लेकर विवाद, पुलिस बल के चलते नहीं लग सका बाजार, सड़कें रहीं सूनी।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जनवरी 2026 जनपद में रविवार को लगने वाले संडे मार्केट को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति बनी रही। पुलिस और प्रशासन की सख्ती के चलते संडे मार्केट नहीं लग पाया, जिससे प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा रहा। सुबह से ही व्यापारी और दुकानदार संडे मार्केट लगने की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन प्रशासन द्वारा इसकी अनुमति नहीं दी गई।

नगर व्यापार मंडल के नगर महामंत्री राकेश कुमार सक्सेना द्वारा अपने लेटर पैड पर व्यापारियों को संदेश जारी किया गया। उन्होंने बताया कि दिनांक 10 जनवरी 2026 को नगर व्यापार मंडल की बैठक उनके निवास पर आयोजित हुई थी, जिसमें 11 जनवरी 2026 को संडे बाजार लगाने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, बाद में यह स्पष्ट किया गया कि संडे बाजार नहीं लगाया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि युवा नगर अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव को निर्देशित किया गया है कि अग्रिम आदेशों तक किसी भी प्रकार का आंदोलन, धरना या क्रमिक अनशन नहीं किया जाएगा।

रविवार सुबह करीब 8:30 बजे से ही प्रशासन ने बाजार क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया था। लगातार व्यापारियों को संडे मार्केट न लगाने की हिदायत दी जाती रही। इसके चलते बाजार नहीं सजा और सड़कों पर आम दिनों के मुकाबले असामान्य सन्नाटा देखने को मिला।

व्यापारियों ने काला सम्राट की दुकान के पास शांतिपूर्ण तरीके से खड़े होकर अपना विरोध दर्ज कराया। वहीं, उद्योग व्यापार मंडल की एक बैठक इकलाख खां की दुकान पर चलने की भी जानकारी सामने आई।

पुलिस की सख्ती और प्रशासनिक निर्देशों के कारण संडे मार्केट नहीं लग सका। व्यापारी वर्ग ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी नाराजगी जाहिर की, लेकिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।