फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री रसोईया सम्मान समारोह का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ से किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद स्तरीय कार्यक्रम स्थल जे.जे.आर. पैलेस, फतेहगढ़ सहित जनपद की प्रत्येक विधानसभा में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइयों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री रसोईया कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत की गई। योजना के तहत बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों तथा उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों, अनुदानित एवं स्ववित्त पोषित विद्यालयों में कार्यरत रसोइये शामिल हैं।
योजना के लिए प्रति रसोइया लगभग 3,000 रुपये वार्षिक प्रीमियम का अनुमान है, जिसका भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा। जनपद फर्रुखाबाद में बेसिक शिक्षा विभाग के 4,080 से अधिक रसोइयों एवं उनके परिवारों को इस योजना का लाभ मिलने की संभावना है।
1900 से अधिक उपचार पैकेजों का मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री रसोईया कैशलेस चिकित्सा योजना का क्रियान्वयन साचीज (State Agency for Comprehensive Health and Integrated Services) के माध्यम से कराया जाएगा। योजना के अंतर्गत राजकीय चिकित्सालयों तथा साचीज से संबद्ध सूचीबद्ध निजी चिकित्सालयों में उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
योजना मुख्य रूप से अस्पताल में भर्ती होकर कराए जाने वाले उपचारों को कवर करेगी। गंभीर बीमारियों, जटिल सर्जरी, कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग सहित करीब 1900 से अधिक उपचार पैकेजों का लाभ लाभार्थियों को मिल सकेगा। हालांकि, योजना के अंतर्गत ओपीडी सेवाएं शामिल नहीं होंगी।
15 रसोइयों को प्रदान किए गए कैशलेस कार्ड
जनपद स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत एवं जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती मोनिका यादव ने प्रतीकात्मक रूप से 15 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के कार्ड प्रदान किए। इस दौरान लाभार्थियों को योजना के महत्व एवं इससे मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी गई।
रसोइयों के मानदेय में 1000 रुपये की वृद्धि
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लाइव कार्यक्रम के माध्यम से रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की घोषणा भी की गई। घोषणा के बाद समारोह में मौजूद रसोइयों में खुशी का माहौल दिखाई दिया।
सांसद मुकेश राजपूत एवं जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती मोनिका यादव ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं बढ़े हुए मानदेय के लिए बधाई देते हुए जनसामान्य के सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी फर्रुखाबाद विनोद कुमार गौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में रसोइया, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लाभार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी अतिथियों, अधिकारियों, रसोइयों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया।
