चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। लेकिन अभी तक राज्य में एनडीए और महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर मामला फंसा हुआ है। NDA के साथ-साथ इंडिया गठबंधन में भी सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है।
तेजस्वी यादव के पोलो रोड स्थित आवास पर बैठकों का दौर जारी है। सीट बंटवारा अभी तय नहीं हुआ है लेकिन गठबंधन की कुछ पार्टियों ने कई जगह अपने प्रत्याशी भी फाइनल कर दिया है। इसमें कांग्रेस सबसे आगे है।
कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन को लेकर केंद्रीय चुनाव समिति बैठक भी बुधवार को हुई। करीब 3 घंटे चली बैठक में 50 से 55 सीटों पर चर्चा हुई है और करीब 25 सीटों के नाम पर मुहर लग गई है। कांग्रेस अपनी पहली सूची जल्द जारी कर सकती है। बता दें कि, कांग्रेस चुनाव समिति की यह बैठक उस समय बुलाई गई है जब पटना में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के आवास पर महागठबंधन के नेताओं की तीसरे दौर की चर्चा हुई है।
कांग्रेस का यह कदम एक रणनीतिक दबाव बनाने की कोशिश है। ताकि गठबंधन के साथियों के साथ साथ एनडीए को भी संदेश दिया जा सके कि कांग्रेस पार्टी बिहार चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है।
