Friday, 30 October 2026 | 9:19 PM
भारत

शेरघाटी में भुइयां का घर तोड़ने पर भुईया मुसहर सेवा संघ का विरोध

Share:
शेरघाटी में भुइयां का घर तोड़ने पर भुईया मुसहर सेवा संघ का विरोध


बिना पूर्व सूचना बुलडोजर चलाने का आरोप, न्याय नहीं मिलने पर अनुमंडल और अंचल कार्यालय का घेराव 
द दस्तक 24

 गया जिले के शेरघाटी प्रखंड के बेला पंचायत स्थित बनिया बरौन गांव के महादलित टोले में एक परिवार का मकान ध्वस्त किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। शुक्रवार को भुइयां-मुसहर सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली और प्रशासनिक कार्रवाई पर विरोध जताया। संघ ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

संघ के राज्य सदस्य रामस्नेही मांझी ने बताया कि टेरी मांझी उर्फ सहदेव मांझी का परिवार करीब 30 वर्षों से उक्त मकान में रह रहा था। उनके अनुसार, परिवार के पास जमीन का परवाना और लगान रसीद भी उपलब्ध है। इसके बावजूद 15 अक्टूबर को बिना पूर्व सूचना दिए बुलडोजर से मकान ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सहदेव मांझी अपने परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के साथ करीब एक वर्ष से शेरघाटी जेल में बंद हैं। संघ ने परिवार की अनुपस्थिति में हुई इस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

रामस्नेही मांझी ने कहा कि इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार के मुख्यमंत्री और गया के जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ के राज्य सदस्य मनोज मांझी ने चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर न्याय नहीं मिलने पर शेरघाटी अनुमंडल और अंचल कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

संघ के राज्य सदस्य विश्वास मांझी ने कहा कि समाज अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा। वहीं, धर्मेंद्र भुइयां ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भूमि संबंधी मामलों में कुछ अधिकारी भूमि माफिया के प्रभाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने इस आरोप की भी जांच कराने की मांग की।

संघ ने जमीन के दस्तावेजों और मकान ध्वस्त करने के आदेश की समीक्षा, दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई तथा प्रभावित परिवार के आवास और पुनर्वास के लिए उचित कदम उठाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में चंदन मांझी, रामप्रसाद मांझी, राजकुमार मांझी, महेंद्र मांझी, राजू मांझी, दिलीप मांझी, क्रांति देवी, मीणा देवी और मालो देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।