आजमगढ़ : मंडलायुक्त का कठोर निर्देश, संदिग्धों और अचानक अमीर हुए व्यक्तियों पर रखी जाए पैनी नजर

आजमगढ़ :-मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त श्री विवेक की अध्यक्षता और पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री सुनील कुमार सिंह की उपस्थिति में मंडलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को बेहद सख्त निर्देश दिए गए।*संदिग्ध गतिविधियों और विदेशी दौरों की होगी जांच*मंडलायुक्त ने एलआईयू और खुफिया एजेंसियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों का तत्काल चिन्हीकरण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों की जानकारी जुटाने को कहा जो अचानक अमीर हुए हैं या जिनके पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति दिख रही है।आयुक्त ने विशेष निर्देश दिया कि पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल या अन्य देशों की बार-बार यात्रा करने वाले व्यक्तियों की सूची बनाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखें। धार्मिक स्थलों के निर्माण या पुनर्निर्माण में यदि संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा धन लगाया जा रहा है, तो उसकी गहन जांच की जाए। बांग्लादेशी नागरिक, रोहिंग्या या अवैध रूप से बसे बाहरी लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। कश्मीर से आए संदिग्धों, साइबर कैफे और पीसीओ (PCO) गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। जनपद में हो रहे ‘टॉप 10’ नए बड़े वित्तीय ट्रांजैक्शन और पासपोर्ट आवेदनों की सुरक्षा जांच में कोई कोताही न बरती जाए।*आगामी चुनाव और त्योहारों पर सुरक्षा अलर्ट*बैठक में डीआईजी श्री सुनील कुमार सिंह ने आगामी पंचायत चुनाव और आने वाले त्योहारों जैसे शबे बरात, शिवरात्रि और माघी पूर्णिमा के दृष्टिगत सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों और चुनाव के दौरान असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं, इसलिए जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सूचनाओं का आदान-प्रदान करें।सड़क सुरक्षा माह का जिक्र करते हुए डीआईजी ने निर्देश दिया कि: जाम की समस्या वाले संवेदनशील हॉटस्पॉट चिन्हित किए जाएं। ड्यूटी पॉइंट निर्धारित कर अतिक्रमण हटाया जाए ताकि यातायात सुचारू रह सके।*बैठक में उपस्थिति:*इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ श्री रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी बलिया श्री मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी मऊ श्री प्रवीण मिश्र सहित तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।