पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 82 रनों से हराकर 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने तीसरे टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन एडिलेड में इंग्लैंड के आखिरी चार विकेटों में से तीन विकेट झटककर उनकी वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने एशेज ट्रॉफी अपने पास बरकरार रखी। साथ ही, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में भी ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम है। दूसरी ओर, इंग्लैंड की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की तालिका पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अब तक खेले छह मुकाबलों में सभी जीते हैं। उनके खाते में 72 अंक हैं और अंक प्रतिशत 100 का हो गया। वहीं, दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका है जिन्होंने हाल ही में भारत को दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-2 से हराया था। उनका अंक प्रतिशत 75 है। शीर्ष पांच में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के अलावा श्रीलंका, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की टीमें शामिल हैं।
भारत शीर्ष पांच से बाहर हो चुका है। अब तक खेले नौ मैचों में शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम को सिर्फ चार में जीत मिली है। उनके खाते में 52 अंक हैं और 48.15 का अंक प्रतिशत है। लगातार तीसरा एशेज टेस्ट हारने के बाद इंग्लैंड का हाल भारत से भी बुरा हो गया है। टीम सातवें पायदान पर पहुंच गई है। उनके खाते में 26 अंक हैं और 27.08 का अंक प्रतिशत है। आठवें और नौवें स्थान पर बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीमें हैं।
