‘युवाओं से माफी मांगें और इस्तीफा दें’, राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री पर फिर क्यों निशाना साधा?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला करते हुए उन पर छात्रों का अपमान करने का आरोप लगाया और मांग की कि वे देश के युवाओं से माफी मांगें और अपने पद से इस्तीफा दें। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अहंकारी हो गई है और अब उन छात्रों को निशाना बना रही है, जो अपने अधिकारों और निष्पक्ष परिक्षाओं और रोजगार की मांग उठा रहे हैं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘सत्ता के अहंकार में डूबी मोदी सरकार अब इस मुकाम पर पहुंच गई है कि अपने अधिकारों, निष्पक्ष परिक्षाओं और सुरक्षित भविष्य की मांग करने वाले छात्रों को ही शिक्षा मंत्री आतंकवादी कह रहे हैं। जरा सोचिए- जिसकी नाकामी से इतने पेपर लीक हुए, जिसके राज में 20 बच्चों ने जान दे दी, जिसने करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया। वो आज पीड़ित बच्चों और उनकी आवाज उठाने वालों को दहशतगर्द बता रहे हैं।’

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि ‘ये कोई नई बात नहीं है। अन्नदाता किसानों को आंदोलनजीवी और परजीवी कहा गया। सवाल पूछने वालों को देश विरोधी और अब युवाओं को दहशतगर्द। जो सरकार से सवाल पूछे, उसे देशद्रोही बता दो, यही इनकी पूरी राजनीति है। धर्मेंद्र प्रधान को देश के करोड़ों युवाओं से तुरंत माफी मांगनी चाहिए और अपनी नाकामियों के लिए इस्तीफा देना चाहिए।’

राहुल गांधी ने कहा, ‘आप मुझ पर जितने हमले कर लें, लेकिन जो शिक्षा व्यवस्था आज वसूली तंत्र बन गई है, उसे मैं ऐसी नहीं रहने दूंगा। हर बच्चे को सस्ती, अच्छी शिक्षा और निष्पक्ष परीक्षा मिले, इस आवाज को उठाना मैं कभी भी बंद नहीं करूंगा।’

Leave a Comment