भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने वाराणसी में अक्षिता राज के साथ सात फेरे लिए। शादी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर समारोह की तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जिन्हें फैंस ने खूब पसंद किया। इसी बीच शादी से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आकाश दीप से भारतीय क्रिकेट के तीन बड़े नामों—महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर सवाल पूछा गया। शादी समारोह में शामिल एक मेहमान ने आकाश दीप से मजाकिया अंदाज में पूछा, ‘भाई, आपने विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा को अपनी शादी में नहीं बुलाया?’ इस सवाल का जवाब आकाश दीप ने भी हंसते हुए दिया और उनका जवाब सुनकर आसपास मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे।
आकाश दीप ने कहा, ‘भाई, यहां बनारस में शादी हो पाएगा?’ उनके इस जवाब ने साफ संकेत दिया कि अगर भारतीय क्रिकेट के ये तीन सबसे लोकप्रिय सितारे शादी में पहुंचते, तो उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो सकते थे। ऐसे में शादी समारोह को सामान्य तरीके से आयोजित करना मुश्किल हो जाता।
