बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी ताकत झोंक दी है। इस चुनाव में यूपी के मुख्य व फायर ब्रांड नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। एनडीए गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए एक ओर जहां यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं, वहीं दूसरी ओर इंडी गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव प्रचार करेंगे। अखिलेश यादव नवंबर के पहले हफ्ते में ताबड़तोड़ रैली कर सकते हैं। उधर कांग्रेस पार्टी ने यूपी प्रदेश अध्यक्ष और फायरब्रांड नेता अजय राय को स्टार प्रचारक बना दिया है। बता दें, पिछले लोकसभा चुनाव अजय राय ने वाराणसी सीट पर पीएम मोदी को कांटे की टक्कर दी थी।
दरअसल बिहार की 243 विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में वोटिंग होनी है। बिहार में 6 और 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे वैसे राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत भी झोंकनी शुरू कर दी है। इंडी गठबंधन के सहयोगी व सपा मुखिया अखिलेश यादव भी बिहार के दंगल में उतरेंगे और जनता से गठबंधन के उम्मीदवार के लिए वोट मांगेंगे। अखिलेश यादव पहले चरण की सीटों पर नवंबर की पहली तारीख से चुनाव प्रचार कर सकते हैं। पहले चरण में 121 सीटों पर वोटिंग होनी है। अखिलेश यादव एक दिन में कई-कई रैलियों को संबोधित कर सकते हैं।
