फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 जनपद की जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय NCORD समिति एवं “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के अंतर्गत त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक भारत सरकार के बाल संरक्षण आयोग के निर्देशों के क्रम में संपन्न हुई, जिसमें जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में समाज कल्याण विभाग, आबकारी विभाग, पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, वन विभाग तथा कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में नशीली दवाइयों और नारकोटिक्स के बढ़ते प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
डीएम डॉ॰ अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों, समितियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि गोष्ठियों, संवाद कार्यक्रमों और प्रचार-प्रसार के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में नारकोटिक्स से संबंधित दर्ज मामलों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस, अभियोजन और आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियोजन प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जाए।
समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए गए कि जनपद में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाई जाए तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जाए। साथ ही नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाए।
चिकित्सा विभाग को मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच सुनिश्चित करने और प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं आबकारी विभाग को समस्त शराब दुकानों की सघन जांच कर नशे के बढ़ते प्रयोग पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई तथा जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक और समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है तथा सभी विभागों को मिलकर इस दिशा में गंभीरता से कार्य करना होगा।
