फर्रुखाबाद में बाबा नीम करोरी धाम के विकास को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक, पार्किंग, सरोवर सौंदर्यीकरण व सुविधाओं के विस्तार पर बनी योजना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 जनपद में स्थित बाबा नीम करोरी धाम के समग्र विकास और सुंदरीकरण को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में धाम परिसर के सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटन सुविधाओं और श्रद्धालुओं की सहूलियत बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि मंदिर परिसर के आसपास स्थित कुछ दुकानों के कारण सुंदरीकरण प्रभावित हो रहा है। ऐसे में आपसी सहमति से उन दुकानों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा और खाली स्थान का उद्यानीकरण कर उसे आकर्षक बनाया जाएगा। परिसर में बेहतर और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने के साथ ही तालाबों के उच्चीकरण और उनके सुव्यवस्थित विकास का भी प्रस्ताव रखा गया।

धाम क्षेत्र में स्थित वरांडा को व्यवस्थित किया जाएगा तथा गुफा के पीछे परकोटे बनाए जाएंगे। गौशाला के सामने स्थित स्थान का भी विकास कराया जाएगा। पौधों के आसपास पानी रोकने के लिए सुंदर संरचनाएं बनेंगी और पौधों की नियमित कटिंग व देखरेख की जाएगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा, जिससे अतिक्रमण समाप्त करने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार और शनिवार को यहां लगभग 40 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सुविधा केंद्र, चिकित्सालय, फर्स्ट एड रूम, चाइल्ड केयर प्वाइंट तथा आकस्मिक सेवा केंद्र बनाए जाने का भी प्रस्ताव दिया गया है। मंदिर परिसर के भीतर सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी विचार किया गया।

बैठक में यह भी प्रस्तावित किया गया कि तालाब के सुंदरीकरण के साथ लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में जलकुंड का निर्माण और विकास कराया जाएगा। साथ ही मंदिर के चारों ओर बाउंड्री बनाई जाएगी ताकि परिसर व्यवस्थित रह सके। तालाब में स्नान पर प्रतिबंध रहेगा और स्वच्छता व्यवस्था के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा।

धाम क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो रही है, जिसे हटाने की कार्यवाही की जाएगी। जिन नालियों का पानी तालाब में गिरता है, उनके लिए एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित करने की संभावना भी तलाशी जाएगी। राजमार्ग के पास संकिसा रोड पर सरोवर के चारों ओर सड़क निर्माण और दोनों ओर पौधारोपण कराया जाएगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा बस और टेंपो पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था लागू की जाएगी।

बैठक में पर्यटन विभाग से मिलने वाले सहयोग को चिन्हित करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। आर्किटेक्ट फर्म आगरा संधारण की निकिता गुप्ता ने पर्यटन विभाग के सहयोग से धाम के विकास संबंधी अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं अग्रवाल एंड एसोसिएट्स लखनऊ के रजनीश अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के सहयोग से संभावित विकास कार्यों की प्रस्तावना रखी।

बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment