फर्रुखाबाद: युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मार्च 2026 जनपद की कोतवाली कायमगंज पुलिस ने युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने, अश्लील हरकतें करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर प्रताड़ित करने के मामले में नामजद एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। प्रकरण में कोतवाली कायमगंज पर मु0अ0सं0 50/2026 धारा 124(1), 296, 351(3), 352 बीएनएस तथा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

क्या है मामला

वादी द्वारा 24 फरवरी 2025 को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उसकी बहन के साथ आरोपी आए दिन अश्लील बातें कर परेशान करता था तथा जबरदस्ती करने का प्रयास करता था। विरोध करने पर आरोपी द्वारा पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दी गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।

अभियुक्त की गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नामजद अभियुक्त गोपाल पुत्र कुशलपाल उर्फ किशनलाल शाक्य निवासी ग्राम झकरई थाना अलीगंज जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना बयान अधिवक्ता के माध्यम से माननीय न्यायालय में देने की बात कही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

आपराधिक इतिहास

अभियुक्त के विरुद्ध इसी प्रकरण से संबंधित धारा 108/351(3) बीएनएस एवं 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र तिवारी, कांस्टेबल सचिन एवं कांस्टेबल रवीन्द्र शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध तथा एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment