कलेक्ट्रेट कासगंज में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वप्रथम प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा जिला गंगा समिति की बैठक में जन-जागरूकता कार्यक्रमों, गंगा आरती, ठोस अपशिष्ट को नदी में जाने से रोकने, नालों की स्क्रीनिंग, नदी किनारे वृक्षारोपण, नदी व नालों की जल गुणवत्ता परीक्षण तथा जैव विविधता संरक्षण की समीक्षा की गई। इसके साथ ही, आर्द्रभूमि एवं छोटी नदियों के पुनर्जीवन तथा गंगा ग्राम योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में ग्राम गंगा सेवा समितियों के पुनः संचालन पर भी चर्चा हुई।
इसके पश्चात जिला पर्यावरण समिति की बैठक में नगर निकायों से उत्पन्न ठोस अपशिष्ट के निस्तारण, कम्पोस्ट, RDF वेस्ट एनर्जी, संग्रहण एवं परिवहन की स्थिति की समीक्षा की गई। निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन पर चर्चा हुई। साथ ही, अस्पतालों से निकलने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, ई-वेस्ट निस्तारण तथा औद्योगिक प्रदूषण की निगरानी संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण महाअभियान 2025 की प्रगति की समीक्षा की गई। ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रीन चौपाल के आयोजन, जिओ टैगिंग अनियमितता में सुधार, पौधों की सुरक्षा-संरक्षण, नियमित सिंचाई तथा पौधों की जीवितता सुनिश्चित करने के उपायों पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी महोदय ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्ययोजनाओं को समयबद्ध ढंग से क्रियान्वित किया जाए एवं प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में जिलाधिकारी, अपर जिला अधिकारी प्रभागीय वनाधिकारी, नव नवल कुलश्रेष्ठ, उप जिलाधिकारी न्यायिक, जिला पंचायत राज अधिकारी उपनिदेशक कृषि, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उपयुक्त उद्योग,सहित सबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।