फर्रुखाबाद:श्यामनगर में आबकारी विभाग की छापेमारी, 15 लीटर कच्ची शराब और 200 किलो लहन बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 12 सितंबर 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में शनिवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने क्षेत्राधिकारी कायमगंज अजय वर्मा एवं स्थानीय पुलिस बल के साथ कायमगंज क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम श्यामनगर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 15 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 200 किलोग्राम लहन बरामद किया।

आबकारी टीम ने बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है।

शराब की दुकानों का भी किया गया संयुक्त निरीक्षण

अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई के साथ ही उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा के साथ आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र की विभिन्न शराब दुकानों का संयुक्त निरीक्षण भी किया। टीम ने टीपी नगर चौराहा, घसिया चिलौली, कादर दादपुर सराय, कटिया फाटक, कम्पिल तथा कंपोजिट शॉप कम्पिल स्थित दुकानों के साथ ही टीपी नगर स्थित मॉडल शॉप की जांच की।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, POS मशीन से बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। इसके अलावा देशी शराब की दुकानों से जुड़ी कैंटीनों की भी सघन जांच की गई।

अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अनियमितता मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई

अभियान के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान संबंधित अभिलेखों से किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment