फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 11 सितंबर 2026 बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। उत्तर प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन के मीडिया प्रभारी मयंक गुप्ता ने इस मांग को लेकर आवाज बुलंद करते हुए केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं से जल्द निर्णय लेने की अपील की है।
मयंक गुप्ता ने कहा कि बैंकों में सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग कोई नई नहीं है। यह मांग वर्ष 2012 के चार्टर ऑफ डिमांड से लगातार उठाई जाती रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था। इसके बदले पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को होने वाले हाफ-डे कार्य को पूर्ण कार्य दिवस में परिवर्तित कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि इसके बाद वर्ष 2024 में हुए समझौते के तहत सभी शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करने की बात सामने आई थी। इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य समय देने पर बैंक यूनियनों की ओर से सहमति जताई जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक सभी शनिवार को बैंक अवकाश लागू नहीं किया गया है।
RBI समेत कई संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली
मयंक गुप्ता ने सवाल उठाया कि जब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में सभी शनिवार को अवकाश रहता है, तो सामान्य बैंकों में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करने में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि कैपिटल मार्केट, मनी मार्केट, स्टॉक एक्सचेंज, सेबी, एलआईसी और जीआईसी सहित कई आर्थिक एवं वित्तीय संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है।
उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र भी देश की आर्थिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में बैंक कर्मचारियों को भी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह का लाभ मिलना चाहिए। इससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा और वे अधिक ऊर्जा एवं दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
कर्मचारियों से एकजुट रहने की अपील
मयंक गुप्ता ने बैंक कर्मचारियों से संगठित रहने और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब भी इंसान अपने अधिकार और सम्मान के लिए संगठित होकर खड़ा हुआ है, तब जीत हमेशा निश्चित हुई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक कर्मचारियों की मांग है कि सोमवार से शुक्रवार तक नियमित बैंकिंग कार्य और शनिवार-रविवार साप्ताहिक अवकाश की पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
