फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 11 सितंबर 2026 बाढ़ की स्थिति से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अमृतपुर में राहत सामग्री किट एवं सर्पदंश आपदा राहत अनुदान चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 100 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट प्रदान की। इसके साथ ही एक लाभार्थी को सर्पदंश आपदा राहत अनुदान की राशि का चेक भी वितरित किया गया।
प्रभावित परिवारों के साथ सरकार खड़ी : प्रभारी मंत्री
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित नागरिकों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। आपदा की कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
राहत कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। शासन द्वारा अनुमन्य राहत एवं सहायता प्रत्येक पात्र प्रभावित परिवार तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रशासक जिला पंचायत श्रीमती मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक श्री सुशील कुमार शाक्य, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, तहसीलदार अमृतपुर शशांक सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
