लखीमपुर खीरी : बाढ़ के चलते नाव से पहुंचे जनप्रतिनिधियो और अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर बांटी राहतकिट

लखीमपुर-खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) बाढ़ के पानी ने रास्ते रोक दिए तो राहत की राह नाव से होकर गांव तक पहुंची। तहसील सदर के ब्लॉक नकहा अंतर्गत ग्राम रेहरिया के मजरा उत्तमपुरवा और लोधपुरवा में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सदर विधायक योगेश वर्मा और उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट लखीमपुर चेलवा राजू आर., तहसीलदार मुकेश कुमार वर्मा नाव से गांव पहुंचे। करीब आधे घंटे का सफर तय कर मौके पर ही 250 प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की। बाढ़ के चलते गांवों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। जलभराव के बीच नाव से पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया और उनकी जरूरतों की जानकारी ली। राहत लेने के लिए ग्रामीणों को पानी पार कर कहीं जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए सरकारी राहत खुद उनके गांव और उनके दरवाजे तक पहुंची। सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। राहत कार्य लगातार जारी हैं। सरकार और प्रशासन का जोर इस बात पर है कि संकट की घड़ी में कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे और राहत सामग्री जरूरतमंदों तक सीधे पहुंचाई जाए। राहत किट वितरण के दौरान जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है। उत्तमपुरवा और लोधपुरवा में नाव से पहुंची राहत ने यह संदेश दिया कि हालात कितने भी चुनौतीपूर्ण हों, प्रभावित परिवारों तक सरकारी मदद पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पानी के बीच पहुंची राहत किट ने ग्रामीणों के चेहरों पर राहत की उम्मीद भी जगाई।

Leave a Comment