फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 सितम्बर 2026 बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच शमसाबाद क्षेत्र से राहत और मानवीय संवेदनाओं की सुखद तस्वीर सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन के समन्वित प्रयास से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान दक्षिण पैलानी निवासी असलीमन को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीम अंसारी, बीसीपीएम साधना एवं बीपीएम आशुतोष कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम बाढ़ प्रभावित गांवों और ढाईघाट मार्ग पर लगातार भ्रमण कर रही है। टीम ने अब तक करीब 15 गर्भवती महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में महिलाओं को नाव, स्टीमर और ट्रैक्टर आदि साधनों से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें अस्पताल या सुरक्षित शिविरों में शिफ्ट किया गया।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के बीच लगातार समन्वय
बाढ़ राहत अभियान में तहसील प्रशासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहकर जमीनी स्थिति की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। वहीं नायब तहसीलदार, तहसीलदार और उप-जिलाधिकारी द्वारा मौके पर लगातार निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय के चलते बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री के साथ-साथ आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी पहुंचाई जा रही हैं।
अस्पताल पहुंचने के दो घंटे बाद जन्मा स्वस्थ बेटा
इसी क्रम में 7 सितंबर 2026 को दक्षिण पैलानी निवासी आरिफ की पत्नी असलीमन को 102 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। वह दोपहर 2:40 बजे अस्पताल में भर्ती हुईं। चिकित्सकीय देखरेख में ठीक दो घंटे बाद शाम 4:40 बजे उन्होंने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
नवजात का वजन 2.53 किलोग्राम बताया गया है। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच समय पर रेस्क्यू, सुरक्षित परिवहन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर मां और नवजात को सुरक्षित रखना प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के राहत-बचाव अभियान की मानवीय सफलता का उदाहरण बना है। बच्चे के जन्म से परिवार में खुशी और राहत का माहौल है।
