फर्रुखाबाद:बाढ़ प्रभावित गांव समेचीपुर चितार और शमसाबाद अनाज मंडी शरणालय पहुंचे डीएम-एसपी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 सितम्बर 2026 बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने मंगलवार को तहसील कायमगंज के विकासखंड शमसाबाद अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम समेचीपुर चितार और शमसाबाद अनाज मंडी स्थित बाढ़ शरणालय का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों के साथ शरणालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर जानी समस्याएं

ग्राम समेचीपुर चितार में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है।

डीएम ने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ के खतरे को देखते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बनाए गए बाढ़ शरणालयों में पहुंचकर सुरक्षित स्थान पर रहें।

प्रभावित परिवारों को पट्टे की भूमि देने की प्रक्रिया

जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित परिवारों को पट्टे की भूमि आवंटित करने की कार्रवाई प्रशासन द्वारा की जा रही है। इसका उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

शरणालय में बच्चों को बांटे फल और बिस्किट

इसके बाद डीएम और एसपी ने शमसाबाद अनाज मंडी में संचालित बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शरणालय में रह रहे लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों को फल और बिस्किट भी वितरित किए गए।

जिलाधिकारी ने शरणालय में बच्चों की शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों की नियमित पढ़ाई कराई जाए। इसके साथ ही उनके शैक्षणिक और बौद्धिक विकास से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की जाएं, ताकि बाढ़ जैसी विषम परिस्थितियों में बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।

गर्मी को देखते हुए बढ़ाए जाएंगे राहत संसाधन

गर्मी के प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने शरणालय में राहत और आवश्यक संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शरणालय में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने शरणालय में रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए चलित शौचालय स्थापित कराने के साथ ही नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को शरणालय में स्वच्छता, पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही पर सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक बाढ़ प्रभावित व्यक्ति की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी कायमगंज अजय वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment