फर्रुखाबाद:पीएसआई इंडिया ने आशा कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराया विशेष जागरूकता पोस्टर, ओआरएस-जिंक के सेवन पर दिया जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 सितम्बर 2026 बारिश और उमस के बीच बदलते मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम में बदलाव के दौरान लापरवाही से बच्चे डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। इसी को लेकर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र साहबगंज में आशा कार्यकर्ताओं को डायरिया की रोकथाम और नियंत्रण के प्रति समुदाय को जागरूक करने के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराई गई।

नगरीय स्वास्थ्य केंद्र साहबगंज की चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजली गोस्वामी ने आशा कार्यकर्ताओं को पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) द्वारा तैयार किए गए सांप-सीढ़ी खेल आधारित जागरूकता पोस्टर प्रदान किए। उन्होंने बताया कि इस तरह के रोचक और सहभागितापूर्ण माध्यमों से ग्रामीण एवं शहरी समुदाय को डायरिया से बचाव के जरूरी उपाय आसानी से समझाए जा सकते हैं।

पतली दस्त होने पर ओआरएस और जिंक के सेवन पर जोर

डॉ. अंजली गोस्वामी ने कहा कि यदि बच्चे को पानी जैसी पतली दस्त हो रही है तो शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी होने का खतरा रहता है। ऐसी स्थिति में बच्चे को ओआरएस का घोल और स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा बताई गई मात्रा के अनुसार जिंक की गोली दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे को पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ देते रहना भी जरूरी है।

उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभिभावकों को डायरिया के लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दें तथा आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी आशा कार्यकर्ता या स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित करें।

सांप-सीढ़ी के खेल से होगी आसान जागरूकता

चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं की बैठकों और सामुदायिक गतिविधियों के दौरान सांप-सीढ़ी के खेल का उपयोग कर लोगों को डायरिया की रोकथाम के बारे में सरल एवं मनोरंजक तरीके से जानकारी दी जा सकती है। खेल के माध्यम से स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, ओआरएस के उपयोग और समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने जैसे महत्वपूर्ण संदेश समुदाय तक पहुंचाए जा सकेंगे।

इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं ने डायरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए समुदाय को जागरूक करने और स्वास्थ्य विभाग के अभियान में पूर्ण सहयोग देने की शपथ ली।

कार्यक्रम में पीएसआई इंडिया के अनुपम मिश्र, गावी से अरफत अंसारी, लैब टेक्नीशियन आदर्श सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment