बिशारतगंज (बरेली)। बिशारतगंज थाना क्षेत्र के फतेहगंज गांव निवासी 19 वर्षीय युवक रोहित का शव रविवार को गांव के पास से गुजर रही अरिल नदी में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक 25 अगस्त की सुबह से लापता था, जिसकी गुमशुदगी परिजनों ने 26 अगस्त को थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार रविवार को रोहित के भाई अजीत ने सूचना दी कि उसका शव नदी में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। परिजनों के अनुसार रोहित मानसिक रूप से कमजोर था और उसे पानी में खेलना पसंद था।
प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और विधिक कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।
मौके पर उपनिरीक्षक हेमंत कुमार, कांस्टेबल मोनू सिंह, रिंकू सिंह, ग्राम प्रधान ठाकुर अरविंद सिंह सहित परिजन और ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
